24/06/2026
3 लाख 16 हजार 418 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य
राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस 28 जून को
चिकित्सा विभाग की तैयारियां जोरों पर
चिकित्सा संस्थानों पर स्वास्थ्य कर्मियों को दिया जा रहा है प्रशिक्षण
सीकर 24 जून। चिकित्सा विभाग की ओर से 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं। माइक्रो प्लान बनाकर पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को चिकित्सा संस्थानों पर प्रभारी अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में 28 जून को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए जिले के सभी बीसीएमओ, सभी चिकित्सालयों के लिए प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि भारत पोलियो मुक्त देश घोषित हो चुका हैं, लेकिन पड़ौसी देशों में अभी भी पोलियो के केस आ रहे हैं। इसको देखते हुए प्रदेश में 28 जून को पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले दिन पोलियो बूथों पर दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद आगामी दो दिन तक स्वास्थ्य कर्मी घर घर जाकर दवा पिलाएंगे। तीन दिन तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले का एक भी बच्चा दवा पीने से वंचित नहीं रहे, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी बीसीएमओ, प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
3 लाख 16 हजार 418 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि जिले में जन्म से पांच वर्ष तक के 3 लाख 16 हजार 418 बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए जिले में दो सदस्य वाले 3 हजार 244 बूथ स्थापित किए जाएंगे। घर घर भ्रमण के लिए 3 हजार 244 टीमें बनाई गई है। इसके साथ ही 48 ट्रांजिट टीमें, 14 मोबाइल टीमें, 100 वैक्सीन छिपों, 342 सुपरवाइजर, 187 सेक्टर अधिकारी, 13 जोनल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। अभियान में 6 हजार 954 कार्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो कि चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास एवं आयुर्वेद विभाग से भी कार्मिक लगाए जाएंगे।