01/06/2026
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार देर शाम पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसने बाद में सबको हैरान कर दिया। पुलिस जमालपुर नहर पटरी पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश इनाम वहां पहुंचा। पुलिस के रुकने के इशारे पर उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
हैरानी की बात यह रही कि गोली लगने के बाद जहां आमतौर पर अपराधी दर्द से कराहते हैं, वहीं घायल बदमाश ने पुलिसकर्मियों से कहा, "साहब... एक बीड़ी पिलवा दो।" उसकी यह अजीबोगरीब फरमाइश सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी चौंक गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इनाम पर लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और संदिग्ध बाइक भी बरामद की गई है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।