Sehat Samachar

Sehat Samachar सेहत और पोषण संबंधित विश्वसनीय समाचारों/सूचनाओं/चित्रों/वीडियो/ब्लॉग का मंच जो जनहित/पाठकहित में हैं।

‘सेहत और पोषण समाचार’ पेज का मकसद आपके हिस्से की सेहत और पोषण संबंधित उन खबरों को आप तक पहुंचाना है जिन पर जिंदगी की भागदौड़ के कारण शायद आपकी नजर नहीं पड़ पाती। ये खबरें अलग-अलग समाचारपत्रों, समाचार पत्रों के वेबसाइट, विश्वसनीय न्यूज वेबसाइट और न्यूज चैनल्स के वेबसाइट से आपके बीच शेयर की जाएंगी। हमारा वायदा है कि हम आप तक सिर्फ विश्वसनीय और चयनित सामग्री ही पहुंचाएंगे।

22/05/2026

गोरखपुर जिले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की गोरखपुर इकाई और स्वास्थ्य विबाग के सहयोग से गोरखपुर एयरपोर्ट पर बृहस्पतिवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। एम्स गोरखपुर की टीम और इंडिगो एयरलाइन की मदद से लगे इस शिविर में सैकड़ों लोगों को सेहत का वरदान मिला। शिविर का उद्घाटन सेंट्रल टीबी डिवीजन में उप महानिदेशक डॉ शोबिनी राजन ने किया। इस अवसर पर एयरपोर्ट से जुड़े कर्मियों, सुरक्षाकर्मियों और यात्रियों को विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा दी गयी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने बताया कि राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रहे सौ दिवसीय अभियान के क्रम में ही एयरपोर्ट गोरखपुर पर भी आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे जांच, नेत्र जांच और पैथालॉजिकल जांच की सुविधा के साथ-साथ नये टीबी मरीज खोजने के लिए स्क्रिनिंग की गयी। लोगों को प्रचार सामग्री के जरिये टीबी के लक्षणों, उपचार, बचाव और कार्यक्रम के सभी पक्षों के बारे में जागरूक भी किया गया। एम्स गोरखपुर की मदद से एआई बेस्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से लोगों की चेस्ट जांच की गयी। झरना टोला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की टीम और जिला क्षय रोग केन्द्र की टीम सहित स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने लोगों को शिविर के दौरान सेवाएं दी। मोबाइल मेडिकल यूनिटर (एमएमयू) के जरिये भी स्वास्थ्य जांच व परामर्श की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।

सीएमओ ने बताया कि डीटीओ डॉ नंदलाल कुशवाहा और एसीएमओ (शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम) डॉ एनके द्विवेदी की शिविर के आयोजन में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी के सहयोग से ही पहली बार इतने व्यापक स्तर पर एयरपोर्ट गोरखपुर पर शिविर का आयोजन किया जा सका। इस कार्य में गोरखपुर एयरपोर्ट के अधिकारीगण विजय कुमार, रजत कुमार मिश्रा, उमेश चंद्र और अरविंद यादव ने विशेष योगदान दिया। इस अवसर पर स्टेट टीबी सेल से आनंद तिवारी और विश्व स्वास्थ्य संगठन से उदित मोहन भी प्रमुख तौर पर उपस्थित रहे। शिवर के आयोजन में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े डीपीसी धर्मवीर प्रताप सिंह, पीपीएम समन्वयक अभय नारायण मिश्रा, मिर्जा आफताब बेग और यूपीटीएसयू की टीम ने भी विशेष योगदान दिया।

एयरपोर्ट पर लगे शिविर में पहुंची सेंट्रल टीबी डिवीजन की उप महानिदेशक डॉ शोबिनी राजन ने जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने कैम्प के जरिये समाज के विभिन्न हितधारकों की सहभागिता की प्रशंसा की। साथ ही कार्यक्रम में आ रहे चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर सीएमओ डॉ झा ने उन्हें जिले की स्वास्थ्य गतिविधियों से जुड़ी बुकलेट भी भेंट की।

20/05/2026

गोरखपुर जिले के सीएमओ डॉ राजेश झा द्वारा चिकित्सा इकाइयों के औचक निरीक्षण का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में वह मंगलवार को जंगल कौड़िया सीएचसी और पीएचसी पहुंचे। जंगल कौड़िया सीएचसी पर सीएमओ को करीब डेढ़ दर्जन कर्मी गायब मिले। उन्होंने सभी कर्मियों को अनुपस्थित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जंगल कौड़िया पीएचसी पर भी कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ डॉ झा ने अपने कार्यालय से की गयी वर्चुअल बैठक में जिले भर के सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के बीच इस स्थिति पर नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि सभी लोग नियत समय पर अस्पताल पहुंचना शुरू करें। औचक निरीक्षण के दौरान अक्सर गायब रहने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जंगल कौड़िया सीएचसी पर कर्मियों के गायब रहने पर सीएमओ ने वहां के अधीक्षक डॉ उमेश को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसी स्थिति दोबारा न मिले। अधीक्षक यह सुनिश्चित करें कि सभी कर्मी समय से अस्पताल पहुंच जाएं। अगर ऐसी स्थिति पुनः पाई जाती है तो अधीक्षक की ही जवाबदेही होगी। जंगल कौड़िया पीएचसी पर चिकित्सा अधिकारी डॉ मनीष के साथ सीएमओ ने वहां के भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित कर्मियों के बारे में जानकारी ली और अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण देने को कहा।

सीएमओ कार्यालय से हुई वर्चुअल बैठक के दौरान डॉ झा ने सभी संबंधित अधिकारियों से आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने के काम में तेजी लाने को कहा। साथ ही सभी अस्पतालों पर हीट वेब से बचाव के उपाय करने के भी निर्देश दिए। सीएमओ ने यह भी कहा कि ईंधन संकट को देखते हुए सभी अस्पतालों और जिला स्तर पर अधिकाधिक वर्चुअल बैठक करने पर ही विशेष जोर दिया जाए।

30/04/2026

गोरखपुर जिले के एचयूआरएल (फर्टिलाइजर कारखाना) और वनटांगिया गांव में बीते दिनों शिविर का आयोजन कर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गयी। दोनों शिविरों के आयोजन में स्वास्थ्य विभाग और एम्स गोरखपुर की टीम ने योगदान दिया। एचयूआरएल में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर का उद्घाटन महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने किया। इस शिविर में एचयूआरएल स्थित अस्पताल के चिकित्सकों और स्टॉफ ने भी विशेष सहयोग किया। सीएमओ डॉ राजेश झा भी दोनों शिविरों में शामिल हुए और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फर्टिलाइजर कारखाना में आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में पहुंचे महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यह प्रयास कारखाने के श्रमिकों और कर्मचारियों को सेहतमंद बनाए रखने में मददगार साबित होंगे। शिविर के जरिये नये टीबी रोगियों को खोजने और टीबी उन्मूलन में भी मदद मिलेगी। सीएमओ डॉ झा ने बताया कि एम्स गोरखपुर से डॉ यू वेंकटेश की टीम ने शिविर में विशेष सहयोग किया। इस अवसर पर एमएमयू के जरिये जांच व परामर्श, पैथालॉजिकल जांच और एआई आधारित एक्स रे मशीन से जांच की सुविधा दी गयी। एसीएमओ डॉ एनके द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश सहित कई अन्य गणमान्य लोगों और एचयूआरएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर के सफल आयोजन में योगदान दिया।

इसी कड़ी में वनटांगिया गांव में आयोजित शिविर में एम्स गोरखपुर के बाल रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ सहित वहां के स्टॉफ ने स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श दिया। इस मौके पर एम्स गोरखपुर के प्रिवेंटिव मेडिसिन डिपार्टमेंट से डॉ आनंद मोहन दीक्षित, डॉ प्रदीप खरया, चरगांवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ बीके चौधरी, एचईओ मनोज कुमार सहित कई स्वास्थ्यकर्मी व सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधिगण भी मौजूद रहे। सीएमओ ने बताया कि एम्स गोरखपुर द्वारा जिले के चयनित गांवों में समय-समय पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

18/04/2026

गोरखपुर जिले में नये टीबी रोगियों को खोजने के लिए चलाए जा रहे सौ दिवसीय अभियान को लेकर सीएमओ डॉ राजेश झा ने बीते दिनों वर्चुअल माध्यम से जिले भर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) का अभिमुखीकरण किया। अभियान के तहत जिले के चिन्हित गांवों में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में नये टीबी रोगी खोजने के साथ-साथ एनसीडी स्क्रिनिंग पर विशेष जोर है। सीएमओ डॉ झा द्वारा कैंप स्थलों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।

वर्चुअल अभिमुखीकरण कार्यक्रम के दौरान सीएमओ डॉ झा ने कहा कि जिन सीएचओ के क्षेत्र में कैंप लग रहे हैं वह शिविर में प्रमुखता से हिस्सा लें और समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित कराएं। आशा और एएनएम के माध्यम से प्रयास करें कि अधिकाधिक लोगों की शुगर और बीपी की जांच इन शिविरों में हो जाए। लोगों को एआई बेस्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीन से जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। लक्षणयुक्त मरीजों की बलगम जांच भी अवश्य सुनिश्चित की जाए। अन्य बीमारियों के मरीजों के जांच व परामर्श की सुविधा भी इन कैम्प में एमएमयू के जरिये दी जा रही है। शिविर के बारे में पहले से बृहद प्रचार प्रसार कराया जाए ताकि अधिकाधिक लोगों को लाभ मिल सके।

16/04/2026

गोरखपुर के सीएमओ डॉ राजेश झा ने पिपराइच के सिधावल स्थित प्राथमिक विद्यालय पर लगे स्वास्थ्य शिविर का मंगलवार को निरीक्षण किया। शिविर के जरिये नये टीबी मरीजों की खोज की जा रही है।

सीएमओ डॉ झा ने पिपराइच नगर पंचायत के सिधावल में लगे शिविर में एक्स-रे जांच, एमएमयू और शिविर स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से फीडबैक भी प्राप्त किया। सीएमओ ने बताया कि आठ अप्रैल से लेकर 13 अप्रैल तक 19 शिविर लगा कर 1587 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की जा चुकी है। कुल 1171 लाभार्थियों की एक्स-रे जांच की गयी। कुल 319 संभावित टीबी मरीज मिले, जिसमें से 301 की बलगम जांच भी की गयी।

डॉ झा ने बताया कि तीस वर्ष से अधिक आयु के सभी लाभार्थियों के ब्लड प्रेशर और शुगर आदि की भी जांच की गयी है। इस कार्य में एम्स गोरखपुर और यूपीटीएसयू का भी विशेष सहयोग मिल रहा है। जिले में चार एआई पोर्टेबल एक्स-रे मशीन और पांच एमएमयू की मदद से कैंप लगाए जा रहे हैं।

15/04/2026

गोरखपुर महानगर के बड़गो स्थित वृद्धाश्रम में सीएमओ डॉ राजेश झा और जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने मंगलवार को चश्मे का वितरण किया। सीएमओ ने उपस्थित वृद्धजन को आश्वस्त किया कि आगे भी उनके आंखों की जांच कर चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।

वृद्धाश्रम पहुंचे सीएमओ डॉ झा ने कहा कि बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच हमारी प्राथमिकता है। पिछले दिनों शिविर लगा कर बुजुर्गों के आंखों की जांच की गयी। जांच के आधार पर करीब 33 बुजुर्गों के बीच चश्मे का वितरण किया गया। शीघ्र ही एक और शिविर लगा कर बचे हुए लोगों के आंखों की जांच की जाएगी। इससे पहले सीएमओ और जिला समाज कल्याण अधिकारी ने डॉ भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि की। आश्रम के वृद्धजन ने भी डॉ आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किया। वृद्धजन के बीच फल का वितरण भी किया गया।


11/04/2026

गोरखपुर जिले में शुक्रवार से दस्तक अभियान की शुरुआत हो गयी। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की स्वास्थ्य टीम जिले के 6.38 लाख घरों पर दस्तक देगी और संचारी रोगों के मरीजों को ढूंढेगी। विधायक श्रवण निषाद और सीएमओ डॉ राजेश झा ने चौरीचौरा सीएचसी से जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक ने आशा कार्यकर्ताओं की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखायी। बीपीएचयू का उद्घाटन किया और सीएचसी की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने टीबी मुक्त भारत कार्यक्रम में योगदान देने वाले तीन ग्राम प्रधानों को सम्मानित भी किया।

सीएमओ डॉ झा ने बताया कि बीपीएचयू से करीब सत्तर से अधिक पैथालॉजिकल जांचें हो सकेंगी और हार्मोनल जांचों का सैम्पल ट्रांसपोर्ट किया जाएगा। चौरीचौरा सीएचसी पर पचास बेड का अस्पताल भी सक्रिय हो गया है, जहां प्रसव के साथ-साथ अल्ट्रासाउंड, नेत्र जांच और दंत जांच व इलाज की सुविधा भी उपलब्ध है। अभियान के बारे में डॉ झा ने बताया कि तीस अप्रैल तक चलने वाले दस्तक अभियान के दौरान तेज बुखार, टीबी व फाइलेरिया के संभावित मरीजों के साथ कुपोषित बच्चे भी ढूंढे जाएंगे। साथ ही उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्रों पर इलाज के लिए रेफर किया जाएगा।

Address

Gorakhpur
2730XX

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Sehat Samachar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Sehat Samachar:

Share