06/12/2025
इधर लोग एशेज टेस्ट सीरीज और भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज में बिजी रहे और उधर न्यूजीलैंड के खिलाफ वेस्टइंडीज टीम के दो खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड अपनी ही धरती पर वेस्टइंडीज से टी20आई और वनडे सीरीज के बाद अब तीन मैचों की एक टेस्ट सीरीज खेल रहा है।
क्राइस्टचर्च में सीरीज के पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 231 रन बनाए जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने पहली पारी में केवल 167 रन ही बनाए। न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 8 विकेट खोकर 466 रन बनाए और पारी घोषित कर दिया। इस तरह वेस्टइंडीज को जीतने के लिए 531 रनों का लक्ष्य दिया।
वेस्टइंडीज दूसरी पारी में भी अच्छी शुरुआत नही कर सका और उसके चार विकेट मात्र 72 रनों पर ही गिर गए थे। इसके बाद शाई होप और जस्टिन ग्रीव्स ने पांचवे विकेट के लिए 196 रनों की साझेदारी की। शाई होप ने शानदार 140 रन बनाए और वह आउट हो गए। 277 रनों के कुल स्कोर पर टेविन इमलाच भी आउट हो गए। वेस्टइंडीज 6 विकेट गंवा चुका था और ऐसा लग रहा था कि मुकाबला हार जाएगा।
इस बीच जस्टिन ग्रीव्स एक छोर पर खड़े थे। जस्टिन ग्रीव्स को एक पार्टनर की सख्त जरूरत थी जो विकेट पर खड़ा हो सके। जस्टिन ग्रीव्स का साथ अनुभवी केमार रोच ने दिया। केमार रोच ने 233 खेलकर 8 चौके की सहायता से नाबाद 58 रनों की पारी खेली और जस्टिन ग्रीव्स का साथ बखूबी दिया।
केमार रोच का साथ पाने के बाद जस्टिन ग्रीव्स ने भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 388 गेंदों पर शानदार 202 रनों की नाबाद पारी खेली जिसमें 19 चौके शामिल रहे। जस्टिन ग्रीव्स और केमार रोच ने सातवें विकेट के लिए 409 गेंदों पर अटूट 180 रनों की साझेदारी की और न्यूजीलैंड को टेस्ट मैच जीतने नही दिया। अंत में मुकाबला ड्रा घोषित किया गया। वेस्टइंडीज टीम के शाई होप,जस्टिन ग्रीव्स और केमार रोच ने एक बार फिर से पुराने टेस्ट क्रिकेट के दिनों की यादें ताजा कर दी हैं जब टेस्ट मैचों को बचाने के लिए ही बैटिंग की जाती थी। वाकई यह टेस्ट मैच यादगार टेस्ट मैच बन चुका है।