04/06/2026
प्रेस नोट
जिला चिकित्सालय मुरैना
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी एवं सुरक्षित प्रसव हेतु स्वास्थ्य विभाग सतर्क
मुरैना, दिनांक 04 जून 2026
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी एवं ट्रैकिंग का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। आगामी 15 दिवस में संभावित प्रसव वाली हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई है।मुख्य उद्देश्य यह है कि चिन्हित गर्भवती महिलाओं की समय-समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, हाई रिस्क प्रबंधन एवं सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए संबंधित बीएमओ, चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्स, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे सूची का गहन अवलोकन कर प्रत्येक गर्भवती महिला से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें तथा आवश्यकतानुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं।
जिला चिकित्सालय मुरैना द्वारा बताया गया कि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं समय पर उपचार से जटिलताओं को कम किया जा सकता है तथा माता एवं नवजात शिशु दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य संस्थाओं में रेफर कर विशेषज्ञ उपचार एवं सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था भी की जाएगी।स्वास्थ्य विभाग ने जिले की गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच अवश्य कराएं, चिकित्सकीय सलाह का पालन करें तथा प्रसव केवल स्वास्थ्य संस्थान में ही कराएं, जिससे माता एवं शिशु दोनों सुरक्षित रह सकें।शिवकुमारी निम डिप्टी मीडिया ऑफिसर आई ई सी शाखा जिला चिकित्सालय मुरैना मध्य प्रदेश