25/08/2026
आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान, श्रीनगर (जम्मू – कश्मीर) में “हिंदी में नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग” विषय पर द्वितीय – एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का आयोजन संस्थान की उप-निदेशक, डॉ. इरफत आरा के मार्गदर्शन में किया गया। इस कार्यशाला में संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला की मुख्य अतिथि एवं वक्ता डॉ. गीतिका मलिक, वरिष्ठ वैज्ञानिक, भा.कृ.अ.प. – केंद्रीय शीतोष्ण बागवानी संस्थान, श्रीनगर (जम्मू – कश्मीर) थीं। उन्होंने हिंदी में कार्यालयीन नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग की उपयोगिता, उसके व्यावहारिक स्वरूप तथा सरकारी कार्यालयों में सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यशाला का संचालन डॉ. अनीस तथा डॉ. नीलोफर हमीद, कनिष्ठ हिंदी अनुवादक द्वारा किया गया। दोनों ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए कार्यशाला का समन्वय किया तथा प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की।
कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग में व्यावहारिक दक्षता विकसित करना था। प्रतिभागियों ने कार्यशाला के दौरान विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं तथा विभिन्न कार्यालयीन उदाहरणों के माध्यम से हिंदी में नोटिंग एवं ड्राफ्टिंग की बारीकियों को समझा।
कार्यशाला के सफल आयोजन में संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।