26/05/2026
अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, नई दिल्ली की जिला शाखा शाजापुर द्वारा नवांकुर संस्था जन अभियान परिषद एवं कंचन वेलफेयर एंड एजुकेशनल सोसाइटी, शाजापुर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 24 मई 2026, रविवार को आदर्श नवीन नगर, शाजापुर में “120वाँ स्थापना दिवस समारोह एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री अवधेश कुमार शेशा (पूर्व टी.आई., शाजापुर) एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. आर.बी. सिंह बिसेन (पूर्व आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) द्वारा माँ सरस्वती एवं भगवान धन्वंतरि के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में डॉ. श्री जगदीश भावसार एवं श्री महेश सौराष्ट्रीय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों का पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। साथ ही कार्यक्रम में सहभागी चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों का भी अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया, जिससे आयोजन का वातावरण गरिमामय एवं आत्मीय बना रहा।
निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर में कुल 57 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें निःशुल्क आयुर्वेदिक परामर्श एवं औषधियों का वितरण किया गया। साथ ही शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जाँच भी निःशुल्क की गई। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने आयुर्वेद के प्रति गहरी रुचि दिखाई एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
शिविर में डॉ. विजय कुमार पाठक, डॉ. वी.डी. शर्मा, डॉ. सुरेश सिंदल एवं डॉ. संजय चांदना द्वारा अपनी सेवाएँ प्रदान की गईं। कार्यक्रम में विशेष रूप से डॉ. नलिनी सोनी, डॉ. दिलीप गुर्जर, डॉ. रवि पाटीदार, डॉ. बहादुर सिंह हनोतिया (आयुष विभाग), डॉ. दिनेश गुर्जर (आयुष विभाग), डॉ. कपिल सोनी, बालेंद्र श्रीवास्तव (पूर्व प्राचार्य, DIET शाजापुर), एस.के. मेहता एडवोकेट, बी.एल. मेहता, श्रीमती गायत्री वर्मा (सचिव, कंचन वेलफेयर एंड एजुकेशनल सोसाइटी), तृप्ति सोनी, हर्षवर्धन वर्मा, यशस्वी वर्मा एवं प्रवीण शर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवीन चंद्र वर्मा, प्रतिनिधि कंचन वेलफेयर एंड एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा किया गया। अंत में डॉ. विजय कुमार पाठक ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि श्री अवधेश कुमार शेशा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि हमें दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन जीना है तो नियमित दिनचर्या, संतुलित खान-पान एवं समय पर भोजन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “अच्छा भोजन ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सही समय पर भोजन करना भी स्वस्थ जीवन का आधार है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. आर.बी. सिंह बिसेन ने अपने संबोधन में कहा कि आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की प्राचीन भारतीय जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि हमें आयुर्वेद के सिद्धांतों एवं नियमों का पालन कर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए, तभी हम बेहतर एवं निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ समाज एवं आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।